लोक जगत, रायपुर। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक बनाकर मजदूरी कराए जा रहे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन के त्वरित हस्तक्षेप से सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। मुक्त कराए गए लोगों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं, जो आज अपने गृह ग्राम लौट आए हैं। इनमें सर्वाधिक 35 श्रमिक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के हैं, जबकि 3 जांजगीर-चांपा और 2 सक्ती जिले से संबंधित हैं।

शिकायत के बाद बनी विशेष टीम
ग्राम पंचायत उलखर के एक पीड़ित मजदूर ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि एक बिचौलिए ने अच्छी मजदूरी, राशन और इलाज का झांसा देकर ग्रामीणों को गन्ना कटाई और लोडिंग के लिए सोलापुर भेजा था। वहां उनसे देर रात तक काम लिया जाता था, लेकिन मजदूरी और पर्याप्त भोजन नहीं दिया जा रहा था। विरोध करने पर दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर को श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजी।
स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मिली सफलता…
छत्तीसगढ़ से गई टीम ने सोलापुर जिला प्रशासन के साथ मिलकर मौके पर जांच की, जहां श्रमिकों के शोषण की पुष्टि हुई। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई कर सभी 40 लोगों को बंधन मुक्त कराया गया और उनकी घर वापसी की व्यवस्था की गई।
प्रशासन की अपील…
सकुशल लौटे श्रमिकों और उनके परिजनों ने प्रशासन का आभार जताया है। वहीं, जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे काम के सिलसिले में दूसरे राज्य जाने से पहले श्रम विभाग में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं और ठेकेदार की पूरी जानकारी रखें, ताकि किसी भी तरह के शोषण से बचा जा सके।







Leave a Reply