भाठागांव से डिलीवरी बॉय की एक्टिवा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव स्थित ब्लिंकिट स्टोर के बाहर से दोपहिया वाहन चुराने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है।

जानकारी के अनुसार डिलीवरी बॉय अजय ध्रुव सामान पहुंचाकर स्टोर लौटे थे। वे अपनी पत्नी के नाम दर्ज एक्टिवा (CG/04/QR/9361) को बिना लॉक किए बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। करीब 15 मिनट बाद बाहर निकलने पर गाड़ी गायब मिली। मामले में पुरानी बस्ती थाने में अपराध क्रमांक 603/26 (धारा 305बी बीएनएस) दर्ज किया गया।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान कर विशाल पदमवार (32 वर्ष, निवासी न्यू चांगोराभाटा, थाना डीडी नगर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल ली, जिसके बाद पुलिस ने उसके पास से करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की एक्टिवा बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *