छत्तीसगढ़ में कमजोर वर्ग को मजबूत बनाने का काम हो रहा – राहुल गांधी

Posted by

 रायपुर : वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले दिनों में देश में रोजगार नहीं होगा, किसी युवा को रोजगार नहीं मिलेगा। देश में यह स्थिति 70 साल में पहली बार आएगी। देश में 90 प्रतिशत रोजगार असंगठित क्षेत्र देता है, इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बर्बाद कर दिया है। मैंने पिछली बार देश में आर्थिक संकट आने की बात कही थी, तब लोगों ने कहा राहुल गलत बोल रहा है, मीडिया ने मेरा मजाक उड़ाया, अब भी मेरी बात मत मानों, आपको दिख जाएगा।

राज्य सरकार की न्याय योजना और हर जिले में नया कांग्रेस भवन शुरू करने के कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली से जुड़े । उन्होंने कहा कि देश को दो अर्थव्यस्थाएं चलाती हैं। पहली संगठित क्षेत्र की जिनमें बड़े बिजनेस आते हैं, दूसरी है असंगठित, इनमें छोटे दुकानदार, किसान, स्मॉल मीडियम बिजनेस और लाखों गरीब लोग आते हैं। पिछले 6 सालों में असंगठित अर्थव्यवस्था को नरेंद्र मोदी ने बर्बाद किया, क्योंकि वो इसका पैसा बड़े बिजनेस के हवाले करना चाहते है। इस अर्थव्यवस्था पर नोटबंदी, गलत जीएसटी और अचानक लॉकडाउन करके आक्रमण किया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार असंगठित और संगठित अर्थव्यवस्था को बैलेंस करने का काम करती है। छत्तीसगढ़ की सरकार अपनी योजनाओं से गरीब, किसान, मजदूर वर्ग के लोगों की रक्षा कर रही है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री और राज्य के सभी मंत्रियों को बधाई देता हूं। यहां कमजोर वर्ग को मजबूत बनाने का काम हो रहा है और विकास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *