टांगा पानी में नक्सलियों ने फेंका पर्चा

 शहीद सप्ताह मनाने मानपुर इलाके में फेंके नक्सल-परचे,

राजनांदगांव : नक्सलियों ने सालाना शहीद सप्ताह मनाने के लिए अंदरूनी इलाकों में अपनी मौजूदगी का अहसास कराते हुए बड़े पैमाने पर नक्सल परचे फेंके हैं। मानपुर के भीतरी गांवों में नक्सलियों ने  पाम्प्लेट और बैनर लगाकर लोगों से शहीद सप्ताह मनाने की अपील की है। जानकारी के मुताबिक मानपुर से करीब 2 किमी दूर टांगापानी गांव में बैनर फेंककर लोगों से शहीद सप्ताह के दौरान काम बंद करने की अपील की है। बताया जा रहा है कि 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाने के लिए नक्सलियों ने भीतरी गांवों में पाम्प्लेट और बैनर लगाना शुरू कर दिया है। माना जाता है कि शहीद सप्ताह के दौरान नक्सली अपने साथियों की कथित शहादत को लेकर मनाते हैं।
इस संबंध में नक्सल आपरेशन एएसपी जीएन बघेल ने बताया कि नक्सलियों द्वारा फेंके गए परचे मिले हैं। जिसमें शहीद सप्ताह मनाने की अपील का उल्लेख है। इधर शहीद सप्ताह के दौरान नक्सल उपद्रव की आशंका के मद्देनजर जिले के सभी नक्सल ग्रस्त थानों को एलर्ट जारी किया गया है। नक्सली शहीदी सप्ताह में हिंसक वारदात को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। पुलिस को नक्सलियों के हिंसक मंसूबों की खुफिया जानकारी मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *