रायपुर में वकील को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेलिंग, साइबर ट्रेसिंग में जुटी पुलिस…

Posted by

 

रायपुर। रायपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर 50 हजार रुपए की मांग की। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अधिवक्ता कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि 20 मई की शाम करीब 5:27 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया। कॉल बैक करने पर सामने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह एक वीडियो भेज रहा है। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उनके मोबाइल पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया।
 
वीडियो देखने के बाद अधिवक्ता हैरान रह गए। इसी बीच आरोपियों ने दोबारा फोन कर कहा कि यदि 50 हजार रुपए नहीं दिए गए तो वीडियो को इंटरनेट, मीडिया और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया जाएगा, जिससे उनकी सामाजिक छवि खराब हो जाएगी। पीड़ित ने आरोपियों को स्पष्ट कहा कि वीडियो में दिखाई गई सामग्री से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने लगातार फोन कर धमकी देना शुरू कर दिया।
 
मामले को गंभीर मानते हुए अधिवक्ता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
 
शुरुआती जांच में साइबर एक्सटॉर्शन का एंगल
 
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला डिजिटल एक्सटॉर्शन और साइबर ब्लैकमेलिंग से जुड़ा माना जा रहा है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वीडियो मॉर्फ किया गया था या किसी संगठित साइबर गिरोह द्वारा यह जाल बिछाया गया।
 
बढ़ रहे हैं ‘सेक्सटॉर्शन’ के मामले
 
विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के महीनों में देशभर में "सेक्सटॉर्शन" यानी अश्लील वीडियो या फोटो के जरिए ब्लैकमेलिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं। साइबर अपराधी अक्सर फर्जी प्रोफाइल, वीडियो कॉल या एडिटेड क्लिप का इस्तेमाल कर लोगों को डराकर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories

  • No categories