कंकालीपारा लूट कांड: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा…

लोक जगत, रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट की थी और उसका मोबाइल फोन व चाबी लूटकर फरार हो गए थे।

घटना का विवरण…
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना अंतर्गत कंकालीपारा के पास हुई थी। पीड़ित के साथ दो अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट की और बेल्ट से हमला किया। इसके बाद वे पीड़ित का रियलमी मोबाइल फोन और एक्टिवा की चाबी छीनकर मौके से भाग निकले।

शिकायत मिलते ही पुरानी बस्ती थाने में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों और गवाहों से पूछताछ की तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में इस्तेमाल बेल्ट और एक्टिवा की चाबी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
0 धीरेन्द्र सिंह तोमर (उम्र 37 वर्ष), निवासी – प्रिय नगर, अग्रवाल कॉलोनी, थाना डी.डी. नगर, रायपुर।
0 आकाश पाण्डेय (उम्र 38 वर्ष), निवासी – महोबा बाजार, राजीव नगर, थाना आमानाका, रायपुर।

बरामद सामग्री:
0 दो मोबाइल फोन
0 एक लाल रंग का चमड़े का बेल्ट
0 एक एक्टिवा स्कूटी की चाबी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *