कॉजपा के मार्च से पहले दीपके के आवास पर पहुंची पुलिस, मार्च न करने के लिए दिया नोटिस…

लोक जगत, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित मार्च से कुछ घंटे पहले दिल्ली पुलिस के 20 से अधिक कर्मी पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें शुक्रवार को कनॉट प्लेस में प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कॉजपा का ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नयी दिल्ली क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक र्किमयों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 220 कंपनियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस निषेधाज्ञा के तहत कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लोगों के एकत्र होने पर रोक है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के एक सीमित समूह को किसी वैकल्पिक स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कहा है कि प्रशासनिक कारणों से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *