लोक जगत, रायपुर/गाजियाबाद। दुर्ग (छत्तीसगढ़) के टियूरडिह स्थित मदरसा फैजाने ताजुल औलिया से पिछले दो दिनों से लापता बालक अहमद रज़ा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में पाया गया है। रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे सुरक्षा बल के जवानों की मुस्तैदी से बालक को सुरक्षित बचा लिया गया है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

दुर्ग से दो दिनों से था लापता…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक अहमद रज़ा मदीना मस्जिद के पास स्थित मदरसा फैजाने ताजुल औलिया (टियूरडिह, दुर्ग, छत्तीसगढ़) से अचानक गायब हो गया था। पिछले दो दिनों से परिजन और पहचान वाले उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
गाजियाबाद स्टेशन पर बेहोश मिला बालक…
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान सुरक्षा बल (आरपीएफ/सीआरपीएफ) के जवानों की नजर बेहोश पड़े अहमद रज़ा पर पड़ी। जवानों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उसे प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई और होश में लाने का प्रयास किया। बालक के पास से मिली जानकारी और पहचान के आधार पर सुरक्षा बलों ने तत्काल उसके परिजनों व संपर्क सूत्रों से बातचीत की।
सुरक्षा बल ने किया परिजनों से संपर्क…
जवानों ने बालक के सुरक्षित होने की जानकारी रायपुर के सोनडोंगरी (थाना कबीर नगर) निवासी मोइन अशरफी को फोन पर दी है। बालक के मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है और गाजियाबाद के लिए रवाना हो रहे हैं। कानूनी व कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।








Leave a Reply