लोक जगत, मुंबई/पालघर। महाराष्ट्र के पालघर और मुंबई से महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में 15 वर्षीय किशोरी को डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो सगे भाइयों को हिरासत में ले लिया है।

पालघर: दुकान के अंदर दिया वारदात को अंजाम…
पेल्हार पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक आरोप है कि नालासोपारा पूर्व स्थित गावदेवी मंदिर के पास एक कपड़े की दुकान के भीतर अमन नतीफ शेख (24) और उसके भाई अरबाज शेख (30) ने 15 वर्षीय किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया।
पीड़िता ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने और उसकी तस्वीरें व वीडियो उसकी मां को भेजने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी। इस सिलसिले में पेल्हार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसी रात दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
मुंबई के पवई में भी नाबालिग से गैंगरेप, 24 घंटे में सभी 6 आरोपी गिरफ्तार…
दूसरी घटना महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई की है, जहां पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक अन्य मामले में महज 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। अधिकारियों ने बताया कि पवई थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना हुई थी। यह घिनौनी वारदात 27 और 28 अक्टूबर के दरमियान हुई थी।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता की शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया और विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर सभी आरोपियों को शिकंजे में ले लिया गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए इन छह लोगों का पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है।








Leave a Reply