लोक जगत, रायपुर। राजधानी के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में दहशत फैलाने और हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर कोतवाली पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी पलाश तिवारी को दबोच लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब परिसर में अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई थी। इस संबंध में प्रेस क्लब के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फौरन एफआईआर दर्ज की। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 351(2) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस…
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि घटना के पीछे की असली वजह क्या थी। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।







Leave a Reply