लोक जगत, रायपुर। राजधानी के कलेक्टोरेट परिसर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां आने वाले लोगों ने सीढ़ियों पर एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी सनसनी फैल गई। मृत व्यक्ति की पहचान रायपुर कलेक्टोरेट के ही एक चौकीदार के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?
मृतक की शिनाख्त 50 वर्षीय दिनेश पटेल के रूप में की गई है, जो श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द (आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा थाना क्षेत्र) के रहने वाले थे। शुरुआती जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दिनेश पटेल पर भारी कर्ज था। चर्चाओं के अनुसार, उन पर करीब 20 लाख रुपये से अधिक का वित्तीय बोझ था, जिसके चलते वे काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। हालांकि, घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए कर्ज के कारण तनाव को फिलहाल एक आशंका माना जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी…
सिविल लाइन थाने के प्रभारी यामन देवांगन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह के वक्त पुलिस को इस घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रारंभिक पड़ताल में आर्थिक तंगी और भारी लोन का दबाव ही खुदकुशी की मुख्य वजह बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।







Leave a Reply