लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर सार्वजनिक स्थान पर आतंक फैलाने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी हाथ में खुली तलवार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से तलवार जब्त कर ली है और उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई…
रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में आपराधिक तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बुधवार को एक अहम सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि मैना चौक स्थित नगर निगम गार्डन के पास एक युवक हाथ में तलवार लहराते हुए आम नागरिकों और राहगीरों में भय का माहौल पैदा कर रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस बल तुरंत मौके पर रवाना हुआ। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और तलवार लहरा रहे युवक को दबोच लिया।
वैध दस्तावेज नहीं कर पाया पेश…
पकड़े गए युवक से जब कड़ाई से पूछताछ की गई और हथियार रखने का लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगा गया, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में असमर्थ रहा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाया।
आरोपी का विवरण और मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त कर ली है। आरोपी की पहचान अनीश ताण्डी (उम्र 22 वर्ष), पिता बेंजामिन ताण्डी, निवासी उत्कल नगर (आकाशवाणी के पास गली नंबर-02, थाना सिविल लाइन, रायपुर) के रूप में हुई है।
कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








Leave a Reply