लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीते दिन डीएड अभ्यर्थियों ने अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ मंत्री बंगले के परिसर में ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और सरकार इसके लिए स्पष्ट तिथि की घोषणा करे।

321 दिनों से जारी है आंदोलन…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं। लंबे समय से चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बावजूद कोई ठोस निर्णय न होने से अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। इसी आक्रोश के तहत अभ्यर्थियों ने बीते दिन मंत्री बंगले के भीतर पहुंचकर धरना देने का कदम उठाया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। जब तक 2300 पदों पर नियुक्ति की निश्चित समय-सीमा घोषित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसडीएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर…
शिक्षा मंत्री के बंगले पर अचानक शुरू हुए प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके साथ ही एसडीएम सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
बंगले पर मौजूद नहीं थे शिक्षा मंत्री
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव अपने निवास पर मौजूद नहीं थे, जिससे अभ्यर्थियों की उनसे सीधी बातचीत नहीं हो सकी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अडिग रहे और बंगले के भीतर ही डटे रहे।
नियुक्ति की समय-सीमा तय न होने से अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन और राज्य सरकार इस गतिरोध को समाप्त करने और अभ्यर्थियों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाती है।







Leave a Reply