चंडी माई धाम गौरमाटी में प्रज्वलित हुए 222 मनोकामना ज्योति कलश…

लोक जगत, कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम गौरमाटी में तीन तालाबों के मध्य प्राचीनकाल से अद्वितीय प्राकृतिक स्थल पर विराजमान मां चंडी देवी के मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व में 222 मनोकामना ज्योति कलश श्रद्धालुओं के द्वारा प्रज्वलित कराए गए हैं।

मंदिर समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिल्हाटी थान खमरिया मुख्य मार्ग पर दक्षिण दिशा में ग्राम के बाहर अंतिम छोर में तीन जलमग्न तालाबों के बीच स्थित स्वयं उद्भुत मां चंडी देवी मंदिर परिसर का शान्त और शीतल वातावरण दर्शनार्थियों का मन मोह लेता है। माता के मन्दिर और तालाब के किनारों की आकर्षक विद्युत सजावट की गई है।

मां चंडी देवी मंदिर में शारदीय और बासंतीय नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है. साक्षात सिद्धिदात्री और मनोकामना पूर्ण करने वाली माता के रूप में विख्यात मां चंडी देवी के मंदिर में छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य प्रांत के श्रद्धालु मनोकामना पूरी होने की इच्छा के साथ तथा मनोकामना पूर्ण होने के पश्चात ज्योति कलश की स्थापना कराते हैं। शारदीय नवरात्रि पर्व के प्रथम दिवस से ही माता के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का आना प्रारंभ हो गया है जिसकी सुविधा और व्यवस्था के लिए मंदिर समिति के सेवक और ग्रामवासी लगे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *