राजधानी रायपुर के डीडी नगर में काले सांड का आतंक, हमला कर 19 लोगों को किया घायल; CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर क्षेत्र में बुधवार को एक काले सांड ने भारी उत्पात मचाया। इलाके की सड़कों और गलियों में घूम रहे सांड ने अचानक राहगीरों और स्थानीय निवासियों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सांड के इस हमले में कम से कम 19 लोग घायल हो गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सांड अचानक आक्रामक हो गया और जो भी उसके सामने आया, उसे सींगों से मारकर जमीन पर पटक दिया। हमले का शिकार हुए लोगों में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की पूरी वारदात क्षेत्र में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। वायरल वीडियो में सांड को लोगों के पीछे दौड़ते और उन्हें टक्कर मारते साफ देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और कड़ी सुरक्षा के बीच निगम के अमले ने सांड को काबू में किया, जिसके बाद जाकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे ऐसे आक्रामक मवेशियों को पकड़ने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *