रायपुर दक्षिण में ‘सेवा सेतु’ शिविर: विधायक सुनील सोनी ने लिया जायजा, कई योजनाओं का नागरिकों को मिला सीधा लाभ…

लोक जगत, रायपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर: सरकार आपके द्वार’ का निरीक्षण करने स्थानीय विधायक सुनील सोनी अश्विनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन समाज भवन (जोन 5) पहुंचे। उन्होंने यहां लगाए गए विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र के हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विधायक सोनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह शिविर नगर निगम के जोन 4, 5 और 6 के अंतर्गत आने वाले 17 वार्डों के निवासियों की सहूलियत के लिए आयोजित किया गया है, जहां हजारों लोग अपनी पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

प्रमुख सुविधाएं और वितरण:
0 आवास स्वीकृति व राशन कार्ड: प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण हेतु भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र और नए राशन कार्ड बांटे गए।
0 परिवहन सेवाएं: आवेदकों को मौके पर ही ड्राइविंग लाइसेंस और वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त बस यात्रा पास प्रदान किए गए।
0 स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास: स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम जनता का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिशुओं के लिए अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।

निरीक्षण के दौरान विधायक सुनील सोनी ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन पूरी तत्परता से काम करे।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य सरिता दुबे, अमर गिदवानी, जोन अध्यक्ष अंबर अग्रवाल (जोन 5), मुरली शर्मा (जोन 4), बद्री प्रसाद गुप्ता (जोन 6), स्थानीय पार्षद, एल्डरमैन और विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *