लोक जगत, रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर इलाके में एक बंद पड़ी फैक्ट्री को निशाना बनाकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर फैक्ट्री से करीब 17 लाख रुपये कीमत के तांबे और एल्युमिनियम के सामान लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा सामान, कटर मशीन, ड्रिल मशीन और वारदात में इस्तेमाल टाटा एस चारपहिया व दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम…
प्रार्थी दिलीप कुमार वर्मा ने कबीर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह तेन्दुआ रोड हीरापुर स्थित ‘अमरनाथ इस्पात’ की बंद पड़ी फैक्ट्री (वर्ष 2020 से बंद) में चौकीदारी का काम करता है। 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब डेढ़ बजे जब वह ऑफिस के पोर्च में बैठा था, तभी बाउंड्रीवाल के पास एक संदिग्ध नजर आया। खदेड़ने पर उसने पत्थर फेंका। इसी दौरान मुंह बांधे 7-8 अन्य लोग वहां पहुंचे और चौकीदार के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए।
बदमाश फैक्ट्री के अंदर घुसकर एल्युमिनियम वायर बंडल, कॉपर क्वाइल, एल्युमिनियम प्लेट्स, हैलोजन लाइट्स, दराज में रखे नगद और आलमारी का पैनल कार्ड लूट ले गए। जाते-जाते वे भारी सामान को घसीटते हुए ले गए और फैक्ट्री की साइड की दीवार तोड़कर खेत के रास्ते रिंग रोड की तरफ फरार हो गए।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई और खुलासे…
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राईम एंड साईबर यूनिट और कबीर नगर थाने की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का बारिकी से मुआयना किया और आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सरोना (डीडी नगर) निवासी संदीप नेताम को दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने का जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य दो आरोपी अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार कर लिया।
एक हफ्ते से कर रहे थे रेकी…
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने अमरनाथ इस्पात बंद फैक्ट्री में डकैती की गहरी साजिश रची थी। घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने करीब एक हफ्ते तक लगातार फैक्ट्री की रेकी की थी, ताकि वहां की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की पूरी जानकारी मिल सके। योजना के तहत वे टाटा एस वाहन और स्कूटी से पहुंचे थे और वारदात के बाद सामान उसी गाड़ी में लादकर फरार हुए थे।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड…
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक वारदातों में संलिप्त रह चुके हैं और जेल जा चुके हैं:
अजीत भारती: डीडी नगर थाने से प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामले में।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संदीप नेताम: पूर्व में गुढ़ियारी थाने से चोरी और मारपीट के मामले में।
उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन: टिकरापारा थाने से नकबजनी के मामले में।








Leave a Reply