लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अक्टूबर माह की पेंशन अब तक जारी नहीं हो सकी है, जबकि नवंबर समाप्त होने में महज दो दिन शेष हैं। इस समस्या सहित कुल चार प्रमुख मांगों को लेकर ‘छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर कल्याण संघ’ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जनदर्शन में पहुंचकर आवेदन सौंपा। संघ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र और महासचिव शिरीष त्रिवेदी के अनुसार, यह चौथी बार है जब संगठन ने जनदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान इन लंबित मुद्दों की ओर आकर्षित किया है।

प्रतिनिधिमंडल में खैरागढ़ विश्वविद्यालय से सुरेश दुबे व विजय आचार्य, तथा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय व अन्य स्थानों से राधे श्याम साहू, अभयराम साहू, बंशीधर झा, राकेश शुक्ला, विष्णुदास मानिकपुरी, गणेशराम यादव, शिरीष त्रिवेदी और प्रदीप मिश्र शामिल थे।
जनदर्शन में रखी गई प्रमुख मांगें:
0 अक्टूबर की पेंशन और 7वां वेतनमान: संघ ने बताया कि 1 जनवरी 2016 से लागू सातवें वेतनमान का लाभ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स को करीब 10 वर्ष 10 माह बीतने के बावजूद नहीं मिल पाया है। सितंबर की पेंशन 5 नवंबर को मिली थी, लेकिन अक्टूबर की पेंशन अभी तक लंबित है। वरिष्ठ नागरिकों ने 7वें वेतनमान के अनुसार नियमित पेंशन देने की मांग दोहराई।
0 80 वर्ष से अधिक आयु वालों को अतिरिक्त पेंशन: शासन के प्रावधानों के तहत 80 वर्ष से अधिक उम्र के 15 से 20 वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मियों को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन का लाभ अभी तक शुरू नहीं हुआ है, जिसे लेकर भी आवेदन दिया गया।
0 ग्रेच्युटी और एरियर्स के लिए 12 करोड़ की मांग: प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से बीते एक से दो वर्षों में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और एरियर्स की राशि रुकी हुई है। इसके भुगतान के लिए संघ ने लगभग 12 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का आग्रह किया।
0 बजट बढ़ाने और मुलाकात का समय: पेंशनर्स ने मांग की कि समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान आवंटित बजट को बढ़ाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये किया जाए, ताकि माह के अंतिम कार्य दिवस पर पेंशन मिल सके। संघ ने यह भी कहा कि जनदर्शन और 1076 समाधान पोर्टल पर कई बार शिकायत व आवेदन के बावजूद ठोस परिणाम नहीं मिला है, इसलिए समस्याओं पर विस्तृत चर्चा के लिए 31 दिसंबर 2026 से पहले मुलाकात का समय दिया जाए।







Leave a Reply