एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी: अंतर्राज्यीय गिरोह के दो और सदस्य मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, अब तक 4 पकड़े गए…

लोक जगत, रायपुर। तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव के एप्पल स्टोर (आई नेक्स्ट इनोवेशन प्रा.लि.) में हुई 2 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में रायपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश के देवास जिले से फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों—राज झाला (20) और राजेश लोधी (35) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद किया है।

अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी…
गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, जिन्हें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पकड़ा गया। इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के मुख्य सरगना राजेश झाला और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले आरोपी सफान खान को गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व में आरोपियों के कब्जे से 125 आईफोन और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन सहित करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया था।

क्या था पूरा मामला…?
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर उठाकर 173 आईफोन, एप्पल वॉच, एयरपॉड और सीसीटीवी का डीवीआर पार कर दिया था। स्टोर संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *