ऑटो में उल्टी का नाटक कर यात्री की जेब से 21 हजार उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ऑटो में सवार होकर सफर कर रहे एक यात्री को चकमा देकर उसकी जेब से 21,000 रुपये उड़ाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए पैसों में से 17,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त कर लिया है। नॉर्थ जोन की पुलिस उपायुक्त श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है, जिसके चलते यह सफलता हाथ लगी है।

क्या था पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी हासीम खान (निवासी गाजीनगर, बीरगांव) ने थाना खमतराई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर को वह निजी काम के सिलसिले में रायपुर जाने के लिए गाजीनगर गेट के पास एक ऑटो में बैठे थे। उस ऑटो में पहले से ही दो अन्य लोग सवार थे।
जैसे ही ऑटो व्यास तालाब चौक के पास पहुंचा, उनमें से एक यात्री ने उल्टी करने का बहाना बनाया और जानबूझकर प्रार्थी का ध्यान भटका दिया। इसी का फायदा उठाकर दूसरे शख्स ने बड़ी चालाकी से प्रार्थी की पैंट की जेब से 21,000 रुपये नकद पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी…
मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के तमाम रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि संदिग्ध ऑटो (क्रमांक CG07 T 2800) भनपुरी चौक से टाटीबंध की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ करने पर ऑटो में सवार दोनों संदिग्धों ने अपना नाम सोमनाथ शुक्ला और हरदीप सिंह बताया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने यात्री की जेब से 21 हजार रुपये चुराने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी सोमनाथ शुक्ला के पास से 9,000 रुपये और हरदीप सिंह के पास से 8,500 रुपये (कुल 17,500 रुपये) बरामद किए। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  1. सोमनाथ शुक्ला (उम्र 33 वर्ष), पिता धर्म कुमार शुक्ला, मूल निवासी- सलेहपुर, थाना औरैया, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी- हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, दुर्ग मंदिर के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
  2. हरदीप सिंह (उम्र 38 वर्ष), पिता स्व. चरणजीत सिंह, निवासी- जलेबी चौक, टाटा लाइन, भिलाई पावर हाउस, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

जब्त सामग्री:
0 17,500 रुपये नकद (चोरी की रकम से बरामद)
0 वारदात में प्रयुक्त ऑटो (क्रमांक CG07 T 2800)
पुलिस की अपील: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक वाहनों या बसों में सफर करते समय अपने सामान, बैग और कीमती वस्तुओं को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें। यदि आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *