‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 3.41 करोड़ का गांजा जप्त, एक गिरफ्तार..

लोक जगत, जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपने ‘ऑपरेशन आघात’ को जारी रखते हुए एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने लावाकेरा बॉर्डर चेकिंग पॉइंट पर एक ट्रक से 632 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। जप्त किए गए गांजे, वाहन और अन्य सामानों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश निवासी एक तस्कर को हिरासत में लिया है।

खाली बोतलों के पीछे छिपा था गांजे का जखीरा…
तपकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स की संयुक्त टीम लावाकेरा बैरियर पर जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रहे एक टाटा आयशर ट्रक (UP-47-AT-9839) को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने ट्रक के ऊपरी हिस्से में खाली शीशियों से भरी बोरियां रखी थीं। जब पुलिसकर्मियों ने इन बोरियों को हटाकर गहराई से जांच की, तो नीचे 20 बोरियों में टेप से लिपटे 597 पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें कुल 632.380 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया।

आरोपी और जप्त सामान का विवरण…
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी बेरिया खलीलपुर (थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपी ओडिशा से गांजे की यह खेप लादकर उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। वैध दस्तावेज न प्रस्तुत करने पर पुलिस ने माल जप्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

  जप्त गांजे की कीमत: ₹3,16,19,000
0 जप्त ट्रक एवं मोबाइल: ₹25,25,000 (लगभग)
0 नगदी: ₹3,000
0 कुल जप्ती: ₹3,41,47,000
तपकरा थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स (एंड-टू-एंड) खंगाल रही है।
दो दिनों में दूसरी बड़ी कामयाबी
उल्लेखनीय है कि सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा के निर्देशों और जशपुर डीआईजी व एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस सीमावर्ती इलाकों पर कड़ा पहरा दे रही है। इससे पहले भी 2 अक्टूबर इसी चेकिंग पॉइंट पर पुलिस ने 440 किलो से अधिक गांजा पकड़ा था।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए शामिल पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *