,

करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम की मौत, पूरे गांव में पसरा मातम…

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचरा के खसरिया पारा में जहरीले करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रात को परिवार के साथ हंसते-खेलते सोई बच्ची की सुबह मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दियामिली जानकारी के अनुसार, शालनी अथरिया (9 वर्ष) पिता लक्ष्मी प्रसाद अथरिया गांव के प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। सोमवार की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे जहरीला करैत सांप घर में घुस आया और सो रही बच्ची के हाथ की उंगली पर डस लिया।कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी तो घर में अफरा-तफरी मच गई।

बच्ची के हाथ पर सांप के काटने का निशान देखकर परिजन उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।सिम्स में डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का विलाप गूंज उठा। गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।बरसात के मौसम में करैत जैसे अत्यंत विषैले सांप अक्सर घरों में घुस आते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में बिना देरी किए पीड़ित को नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही सबसे प्रभावी उपाय है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सांपों से बचाव और आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है।यह दुखद हादसा एक बार फिर बरसात के मौसम में सतर्क रहने और घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अहम जरूरत की याद दिलाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *