जंगल में मिला नर तेंदुए का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटा वन विभाग…

लोक जगत, सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के धराशिव बीट क्रमांक 446 के जंगल में एक नर तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीएफओ, एसडीओ, संबंधित क्षेत्र के रेंजर और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेंदुए की मौत करीब 48 घंटे पहले होने की आशंका है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट का इंतजार…
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। फिलहाल तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रयोगशाला जांच के नतीजों का इंतजार कर रहा है। इन रिपोर्टों के आधार पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

जंगल में गश्त और निगरानी पर उठ रहे सवाल…
जंगल के भीतर तेंदुए का शव मिलने के बाद वन क्षेत्र में निगरानी और नियमित गश्त को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यह पता लगाना जरूरी होगा कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। साथ ही, घटना की जानकारी वन विभाग को कब मिली और मौके तक टीम पहुंचने में कितना समय लगा, यह भी जांच का विषय है।

घटनास्थल को लेकर भी कुछ आशंकाएं जताई जा रही हैं। शव को किसी अन्य स्थान से लाकर यहां रखे जाने की संभावना की चर्चा है, लेकिन इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *