तेंदुए की मौत के मामले में दो गिरफ्तार, परिजनों ने कार्रवाई पर उठाए सवाल…

लोक जगत, सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत धराशिव बीट क्रमांक 446 में नर तेंदुए की संदिग्ध मौत के मामले में वन विभाग ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गोंदली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

वहीं, इस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों ने वन विभाग की जांच और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

परिजनों का दावा- बरामद सामान आरोपियों का नहीं…
गिरफ्तार आरोपियों के बेटे काशीराम ने आरोप लगाया कि वन विभाग का डॉग स्क्वायड उनके खेत तक पहुंचा था, जहां से कुछ सामान बरामद होने की बात कही गई। हालांकि, काशीराम का दावा है कि बरामद सामान उनके पिता और चाचा का नहीं है।

उसका कहना है कि तेंदुए की मौत से उसके पिता और चाचा का कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद कुछ तथ्यों और बरामद सामान को साक्ष्य मानते हुए वन विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। काशीराम ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता को पूछताछ के नाम पर बुलाया गया था।

उच्चस्तरीय जांच की मांग…
गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों ने वन विभाग की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और किसी निर्दोष को गलत तरीके से न फंसाया जाए।

फिलहाल इस मामले में वन विभाग की कार्रवाई और परिजनों के आरोप आमने-सामने हैं। अब जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों से ही स्पष्ट होगा कि तेंदुए की मौत के मामले में वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *