दिल्ली की सड़कों पर उतरा जन-आक्रोश: वोट चोरी के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी दिग्गज नेता, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की…

लोक जगत, नई दिल्ली। लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी निष्पक्षता की मांग को लेकर आज देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर विशाल जन-आक्रोश देखने को मिला। ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आयोजित इस बड़े प्रदर्शन में देशभर से वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।

इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर भी भारी संख्या में समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उनके तुरंत इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शनकारियों के बीच से ही मोहम्मद अकबर ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर टिकी होती है, लेकिन जिस तरह से वोटर लिस्ट में हेरफेर और वोटरों के अधिकार छीनने का प्रयास किया जा रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते तथा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर आयोजित इस प्रदर्शन के कारण आवाजाही पूरी तरह बाधित रही। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *