लोक जगत, रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लगभग दो हफ्ते पहले लापता हुई एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने जुर्म कबूल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला…
लालगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 16 अक्टूबर को अचानक घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीमों को जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए थे।
शक के आधार पर हुई गिरफ्तारी…
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर रौनक यादव नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने धारदार हथियार और दुपट्टे से गला घोंटकर किशोरी की हत्या की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 30 अक्टूबर को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना के पश्चिमी यार्ड के पास स्थित सूखी नहर की झाड़ियों से शव बरामद किया।
क्यों दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रौनक और मृतका करीब दो साल पहले एक साथ पढ़ाई करते थे और तभी से दोनों के बीच जान-पहचान थी। लगभग छह महीने पहले मृतका ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था, जिससे आरोपी नाराज चल रहा था।
कुछ समय पूर्व जब दोनों के बीच दोबारा संपर्क हुआ, तो आरोपी ने मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगालनी शुरू कर दीं। मृतका द्वारा बातचीत बंद करने और अन्य युवकों के संपर्क में रहने के शक और गुस्से में आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
योजना के तहत आरोपी ने 16 अक्टूबर को मृतका को मिलने के बहाने बुलाया और अपनी बाइक पर बैठाकर ऐहार स्थित बाल्हेश्वर मंदिर ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद वह उसे चक पंचम मजरे दतौली के पास नहर पटरी पर ले गया। सुनसान इलाके में उसने पहले धारदार हथियार से हमला किया और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।







Leave a Reply