’नारायणपुर। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक नारायणपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु नियमित डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। संस्थान में इस वर्ष कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की 30 सीटें, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेली कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की 15 सीटें तथा इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की 30 सीटें उपलब्ध हैं। इस प्रकार प्रथम वर्ष में कुल 75 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।प्रवेश प्रक्रिया के तहत 31 जुलाई प्रातः 10.00 बजे से 08 अगस्त रात्रि 11.59 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन किया जा सकेगा। इसके पश्चात 12 अगस्त 2026 को शाम 5.00 बजे मेरिट सूची जारी की जाएगी। संस्था स्तर पर सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थियों को 13 अगस्त प्रातः 10.00 बजे शासकीय पॉलीटेक्निक, नारायणपुर में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

वहीं, आवंटित सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया 13 अगस्त अपराह्न 1.00 बजे से 14 अगस्त अपराह्न 1.00 बजे तक संपन्न की जाएगी।प्रथम वर्ष में प्रवेश पी.पी.टी. परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर ऑनलाइन सीट आवंटन के माध्यम से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पी.पी.टी. मेरिट के बाद रिक्त रहने वाली सीटों पर बस्तर संभाग के विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं में विज्ञान एवं गणित विषय में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। बस्तर संभाग के विद्यार्थियों के लिए पी.पी.टी. मेरिट के आधार पर प्रवेश लेना अनिवार्य नहीं होगा। इसी प्रकार लेटरल एंट्री के माध्यम से द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए गणित एवं विज्ञान विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण अथवा दो वर्षीय आईटीआई पाठ्यक्रम उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी, संस्थावार एवं शाखावार सीटों का विवरण, प्रवेश नियम तथा ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में शामिल होने की सलाह दी गई है। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी कार्यालयीन समय में शासकीय पॉलीटेक्निक नारायणपुर के हेल्पलाइन नंबर 7773034443 एवं 7587446264 पर संपर्क कर सकते हैं।







Leave a Reply