लोक जगत, बिलासपुर। बिलासपुर जिले के धौराभाटा स्थित शासकीय स्कूल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ स्कूल के प्राचार्य पर अपनी ही संस्था के शिक्षक की हत्या कराने (रास्ते से हटाने) के लिए सुपारी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामला उजागर होते ही शिक्षा विभाग और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित शिक्षक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, धौराभाटा स्कूल में पदस्थ पीड़ित शिक्षक और प्राचार्य के बीच काफी समय से प्रशासनिक व अन्य बातों को लेकर विवाद चल रहा था। शिक्षक का आरोप है कि प्राचार्य लगातार अनुचित दबाव बना रहे थे और विरोध करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि जब बात नहीं बनी, तो प्राचार्य ने शिक्षक को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी दे दी।
शिक्षक को जैसे ही इस खौफनाक साजिश की भनक लगी, उन्होंने तुरंत पुलिस थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि शिकायत के साथ पुलिस को कुछ ऑडियो/डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान:
मामले में बिलासपुर पुलिस अधिकारियों का कहना है, “धौराभाटा क्षेत्र से शिक्षक द्वारा प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। मामले में दर्ज आवेदन के आधार पर जांच जारी है। प्रस्तुत साक्ष्यों व कॉल रिकॉर्ड्स का सत्यापन कराया जा रहा है, जिसके बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं दूसरी ओर, आरोपी प्राचार्य ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।







Leave a Reply