5 डे वर्किंग लागू करने की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी एक बार फिर देशव्यापी हड़ताल पर जा रहे हैं।
लोक जगत, रायपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन तक बैंक कर्मचारी काम बंद रखेंगे। सितंबर में यह बैंक कर्मचारियों की दूसरी राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी।
Bank Strike 2026: 5 डे वर्किंग लागू करने की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी एक बार फिर देशव्यापी हड़ताल पर जा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन तक बैंक कर्मचारी काम बंद रखेंगे। सितंबर में यह बैंक कर्मचारियों की दूसरी राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी।

26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक पहले से ही बंद रहेंगे। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल रहेगी। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा। बैंक 1 अक्टूबर को खुलेंगे, जबकि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के चलते अवकाश रहेगा।
5 डे वर्किंग की मांग क्यों?
बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में केवल पांच दिन काम करने की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम और केंद्र व राज्य सरकार के कई कार्यालयों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू है, लेकिन बैंकिंग क्षेत्र में अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है।
सितंबर में दूसरी बार आंदोलन
बैंक कर्मचारी इससे पहले 11 सितंबर को भी एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर चुके हैं। अब महीने के अंत में तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है। उज्जैन में करीब 297 बैंक शाखाओं के 4 हजार से अधिक कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने की बात कही गई है। इस दौरान कर्मचारी रैली निकालकर प्रदर्शन भी करेंगे।
2024 में बनी थी सहमति
यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, 8 मार्च 2024 को केंद्र सरकार और बैंक यूनियनों के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने को लेकर सहमति बनी थी। हालांकि, यूनियनों का कहना है कि वित्त मंत्रालय की ओर से इस संबंध में अभी तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इसी मुद्दे को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन जारी है।
एटीएम और डिजिटल भुगतान चलते रहेंगे
हड़ताल के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। हालांकि एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है। बैंक यूनियनों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल से पहले नकद निकासी, चेक से जुड़े काम और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे कर लें।








Leave a Reply