फरार शोएब ढेबर को लेकर पुलिस ने की 5 हज़ार इनाम की घोषणा…

लोक जगत, रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र के कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार करने, उसकी गिरफ्तारी कराने या उसके संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार शोएब ढेबर लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के संबंध में ऐसी जानकारी देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके।

मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित रूप से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने से जुड़ा है। आरोप है कि आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन किया गया और उनसे 25 करोड़ रुपए की मांग की गई। मामले की जांच आगे बढ़ने के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आने की बात पुलिस की ओर से कही गई है। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को पकड़ने के लिए कई स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत आरोपी पर इनाम घोषित किया है। आदेश में कहा गया है कि शोएब ढेबर को गिरफ्तार करने वाले, उसकी गिरफ्तारी करवाने वाले या गिरफ्तारी में सहायक विश्वसनीय सूचना उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार देने के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र रायपुर का होगा। इधर, शोएब ढेबर की तलाश और इससे संबंधित घटनाक्रम के बीच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।

इन पुलिसकर्मियों के नाम कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम बताए जा रहे हैं। दोनों पुलिसकर्मियों पर संबंधित मामले में विभाग की गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप की बात सामने आई है। हालांकि कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की ओर से इन आरोपों की अधिकृत पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में गोपनीय जानकारी लीक करने संबंधी आरोपों की वास्तविक स्थिति आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी है। उसकी तलाश जारी है और अब पुलिस ने सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपए का पुरस्कार घोषित कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *