फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का सामान खाक…

लोक जगत, भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के नंदिनी रोड स्थित करुणा अस्पताल के पीछे संचालित जगदंबा फोम फर्नीचर फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में फैक्ट्री में रखे गद्दे, फोम, लकड़ी और अन्य कच्चा माल जलकर खाक हो गया। परिसर में खड़ी दो से तीन चारपहिया गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं।

सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और जिला दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए भिलाई स्टील प्लांट से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। फोम और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। दमकलकर्मियों को पानी अंदर पहुंचाने के लिए फैक्ट्री की पिछली दीवार तक तोड़नी पड़ी। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।

घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *