
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती हिंसा, लिंचिंग और अमानवीय घटनाओं के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि कोरिया जिले के पंडोपाड़ा गांव में एक व्यक्ति नशे की हालत में अपनी पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसका सिर मुंडवा दिया, आरोपी ने अपने ही बेटे को उकसाकर महिला के साथ घिनौना व्यवहार किया, महिला के चेहरे पर कालिख पोतने और जबरन पेशाब पिलाया, इस वीभत्स घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। भाजपा की सरकार में अमानवीय अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। हाल ही में सूरजपुर में एक लड़की से 3-3 आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। बढ़ते अपराध का मुख्य कारण नशाखोरी है, जिसे यह सरकार बढ़ावा दे रही है। भाजपा के कुशासन में जंगल राज कायम हो गया है, कोई भी सुरक्षित नहीं है।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा की सरकार में में मॉब लिंचिंग और भीड़ द्वारा हिंसा की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है जो गंभीर चिंता का विषय है। कांकेर में धर्मांतरण का आरोप लगाकर महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाया गया, घरों में आगजनी की गई। गौ तस्करी के संदेह, सांप्रदायिक तनाव, और राजनीतिक रंजिश जैसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रायपुर के पास आरंग में मवेशी ले जा रहे उत्तर प्रदेश के तीन युवकों (गुड्डू खान, चांद मियां खान और सद्दाम कुरैशी) का भीड़ द्वारा पीछा किए जाने की घटना सामने आई। इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक सद्दाम कुरैशी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। कवर्धा में पुलिस हिरासत में एक स्थानीय व्यक्ति की मौत के बाद हिंसक झड़पें और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसके विरोध में कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में बंद का आह्वान किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि इस सरकार में वर्दी और कानून का खौफ खत्म हो गया है, अवैध रेत की काली कमाई के लालच में भाजपाई ही एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए हैं। हाल ही में कोरिया जिले में रेत खनन के पुराने विवाद के कारण एक पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सहित तीन लोगों को जिंदा जलाकर मार डाला गया। सत्ता के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।






Leave a Reply