भाजपा का ‘सेवा संकल्प’ अभियान असफल इवेंट, सरकारी पैसों का हो रहा बेजा इस्तेमाल – दीपक बैज

लोक जगत, रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसेवा के नाम पर प्रशासनिक व्यवस्था का अनुचित प्रयोग कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बैज ने कहा कि यह कोई लोककल्याणकारी पहल नहीं, बल्कि पूरी तरह से एक विफल कार्यक्रम है, जिसके लिए सरकारी तंत्र को झोंक दिया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि यदि यह अभियान वास्तव में सेवा से प्रेरित है, तो फिर आम कर्मचारियों पर दबाव बनाकर भीड़ जुटाने की नौबत क्यों आ रही है? उन्होंने कहा कि शिक्षकों, पटवारियों, पंचायत सचिवों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके मूल कार्य से हटाकर इवेंट मैनेजमेंट और भीड़ प्रबंधन के काम में लगा दिया गया है।

निचले स्तर के कर्मियों पर दबाव का आरोप…
दीपक बैज ने राज्य की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी खजाने का इस्तेमाल भाजपा और संघ के प्रचार के लिए किया जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रचारकों की तरह काम करने पर मजबूर किया जा रहा है, जिससे स्थानीय कर्मियों का अपमान हो रहा है और प्रदेश के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।

कांग्रेस ने पूछे ये तीखे सवाल:
0 बजट का ब्योरा: इस अभियान पर कितना खर्च किया जा रहा है और प्रचार-प्रसार पर कितनी राशि उड़ाई जा रही है?
0 कर्मचारियों की भूमिका: क्या सरकारी कर्मचारियों को भाजपा के कैडर की तरह इस्तेमाल कर भीड़ का लक्ष्य दिया जा रहा है?
0 फंड की उपलब्धता: जब जनकल्याणकारी योजनाओं की किश्तें और बेरोजगारी भत्ता रुका हुआ है, तब इस तरह के आयोजनों के लिए बजट कहाँ से उपलब्ध हो रहा है?
0 जनता का लाभ: इस कार्यक्रम से प्रदेश के किसानों, महिलाओं या युवाओं को वास्तव में क्या ठोस लाभ मिला है?
कांग्रेस का कहना है कि यह जनता के करों की बर्बादी है और पार्टी इस प्रशासनिक दबाव और सरकारी धन के दुरुपयोग का कड़ा विरोध करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *