लोक जगत, रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव क्षेत्र स्थित एक एप्पल स्टोर में हुई बड़ी सेंधमारी के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल अंतर्राज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया है, जिनके कब्जे से करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषभ डागा ने 1 नवंबर 2026 को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित ‘आई नेक्स्ट इनोवेशन प्रा.लि.’ के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात चोर 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड ले गए हैं। वारदात के दौरान चोर स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। इस शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

छह विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा…
करोड़ों की चोरी की घटना को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, डीसीपी (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल और डीसीपी (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया को जांच की कमान सौंपी। एसीसीयू और तेलीबांधा पुलिस की 40 से अधिक सदस्यों वाली छह विशेष टीमें गठित की गईं—जिनमें घटनास्थल व आसपास के कैमरे खंगालने, रेलवे-बस स्टैंड की निगरानी, अंतर्राज्यीय टोल व मार्गों पर सीसीटीवी देखने, टावर एनालिसिस, राज्य व राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड से मिलान तथा स्थानीय संदिग्धों की पड़ताल के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गईं।

250 किमी का पीछा और लावारिस बाइक से मिला सुराग…
डीवीआर गायब होने और आसपास के कई कैमरों की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण शुरुआती जांच चुनौतीपूर्ण थी। हालांकि, टीम ने रात 2:37 बजे घटनास्थल के पास एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को देखा, जो 2:45 बजे यानी महज आठ मिनट में वहां से निकल गए थे। अस्पष्ट फुटेज के बावजूद पुलिस ने लगातार 10 दिनों तक करीब 250 किलोमीटर तक नागपुर से पहले मौधा (महाराष्ट्र) तक उनका रूट ट्रैक किया। इस दौरान 1,100 से अधिक सेल आईडी टावरों और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया, वहीं दीपावली के दौरान भी टीमें बाहर कैंप करती रहीं।
मौधा में जांच के दौरान पुलिस को कुल्हान नदी के किनारे एक बिना नंबर की लावारिस बाइक मिली, जिसके चेसिस और इंजन नंबर घिसे हुए थे। पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि यह बाइक 25 अक्टूबर को तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी हुई थी। इससे पुलिस को यह पुख्ता आधार मिला कि चोरों का मूवमेंट सही दिशा में ट्रैक किया जा रहा है।
देवास से सरगना पकड़ा गया, मुंबई से रिसीवर गिरफ्तार…
मौधा के आगे फुटेज न मिलने पर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में चार टीमें भेजी गईं। राष्ट्रीय डेटा विश्लेषण और अंतर्राज्यीय समन्वय में सामने आया कि वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी में भी देवास-इंदौर क्षेत्र के कंजर गिरोह का हाथ रहा था। इसी कड़ी में देवास पुलिस की मदद से गिरोह के सरगना राजेश अजय सिंह झाला (43, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मप्र) को हिरासत में लिया गया। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पूछताछ में राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और गांव के राजेश लोधी के साथ मिलकर वारदात करने तथा चोरी के आईफोन इंदौर के सफान खान को देने की बात कबूली। उसने बताया कि गिरोह के सदस्य वारदात पर निकलते समय मोबाइल घर पर बंद छोड़ देते हैं, चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते हैं और कैमरों से बचने के लिए चेहरे ढककर रखते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने 25 अक्टूबर को रेकी कर जोरा मॉल के पास से बाइक चुराई थी, जिसे साकोली के जंगल में छिपाया गया और 31 अक्टूबर की रात वारदात के बाद बाइक को मौधा के कुल्हान नदी पुल के नीचे तथा डीवीआर को नदी में फेंक दिया गया।
राजेश झाला के पकड़े जाने की भनक लगते ही सफान खान (35, निवासी जिला बड़वानी, मप्र) फरार हो गया, जो पहले भी जयपुर मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इंदौर में कैंप कर रही 12 सदस्यीय टीम ने तकनीकी और दबाव की रणनीति अपनाई, जिसके बाद सफान खान के मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी टर्मिनल एयरपोर्ट के पास होने की सूचना मिली। विदेश भागने की कोशिश से पहले ही उसे दबोच लिया गया। उसकी निशानदेही पर जुलवानिया (बड़वानी, मप्र) से 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं।
नेपाल-बांग्लादेश कनेक्शन व फरार आरोपितों की तलाश…
पुलिस के अनुसार, सफान खान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में गिरोह के जरिए महंगे फोन चुराकर उन्हें नेपाल और बांग्लादेश में खपाने की आशंका पर भी जांच चल रही है। फरार आरोपित राज झाला और राजेश लोधी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा प्रकरण में संगठित अपराध की धारा जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में संपत्ति संबंधी बड़े मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है।







Leave a Reply