महासमुंद जेल से 4 कैदी फरार, ऊंची दीवार फांदकर हुए गायब: मचा हड़कंप…

लोक जगत, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से जेल की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। महासमुंद जिला जेल से चार बंदी फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि चारों बंदी जेल की ऊंची बाउंड्री फांदकर भाग निकले। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। फरार बंदियों में तीन NDPS एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एडिशनल एसपी ने चार बंदियों के फरार होने की पुष्टि की है।

देर रात जेल में बजा अलर्ट, सुबह सामने आई फरारी की जानकारी जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिला जेल में देर रात बंदियों के फरार होने को लेकर अलर्ट जारी हुआ। इसके बाद जेल प्रशासन ने बंदियों की तलाश और घटना की जानकारी जुटानी शुरू की। बताया जा रहा है कि चारों बंदी जेल की ऊंची बाउंड्री फांदकर फरार हुए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद महासमुंद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।

फरार बंदियों में तीन NDPS और एक चोरी का आरोपी…
जेल से फरार हुए चार बंदियों की पहचान पंचराम निषाद, धर्मवीर, लीलाधर और राजेंद्र रॉय चौधरी के रूप में हुई है। इनमें पंचराम निषाद चोरी के मामले का आरोपी बताया जा रहा है। वहीं धर्मवीर, लीलाधर और राजेंद्र रॉय चौधरी NDPS एक्ट के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल में बंद थे।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…
एक साथ चार बंदियों के जेल से फरार होने की घटना ने जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जेल की ऊंची बाउंड्री फांदकर चार बंदी एक साथ कैसे फरार हो गए? क्या निगरानी में कोई चूक हुई या बंदियों ने पहले से फरार होने की योजना तैयार की थी? इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।

फरार बंदियों की तलाश में जुटी पुलिस…
घटना के बाद महासमुंद पुलिस ने फरार बंदियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन कर रही हैं। साथ ही फरारी के घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल चारों बंदी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस उन्हें कब तक पकड़ पाती है और जेल से फरार होने के मामले में जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *