मोहनपुर में मुरूम का अवैध उत्खनन…

लोक जगत, लालबहादुर नगर। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोहनपुर में बेखौफ होकर मुरूम का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। मोहनपुर गांव से आगे 2 कि. मीटर की दूरी पर भर्री से जेसीबी मशीन के जरिए मुरूम निकलने का काम लगातार जारी है, जिससे शासन को लाखों रुपए के राजस्व का चुना लग रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मोहनपुर में सुबह से लगातार भर्री से अवैध मुरूम उत्खनन माफियाओं द्वारा किया जा रहा है। इस क्षेत्र में पहले भी बड़े पैमाने पर मुरूम की अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा चुका है। और अब मोहनपुर भर्री से अवैध मुरूम उत्खनन कर सड़क चिरचारी और आस-पास क्षेत्र के ढाबा, होटल में मुरूम परिवहन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए कुछ रसूखदार नेता और अधिकारियों की मिलीभगत है, जिन्होंने मुरूम खनन माफियाओं को बेधड़क मुरूम निकालने की निजी अवैध सहमति दे रखी है। यह पूरा काम अग्रवाल और गोसल नामक व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। जेसीबी मशीन के जरिए मोहनपुर जमीन को छलनी कर रहा है। जमीन से मुरूम की अवैध खुदाई कर मोटी रकम कमाई कर रहे हैं। मुरूम खनन मामले में इसी व्यक्तियों का नाम पहले भी सड़क चिरचारी और फ़त्तेगंज क्षेत्र में भी इसी तरह के अवैध उत्खनन में सामने आ चुका है। मुरूम माफिया राजनीतिक पकड़ बीजेपी में होने के कारण धौंस दिखाकर क्षेत्र में लगातार अवैध कारोबार करते आ रहे हैं। इनके अवैध कारोबार के खिलाफ लिखने छापने पर पत्रकार को देख लेने की धमकी दिया जाता है। राजनीतिक दलों से जुड़े होने के कारण स्थानीय प्रशासन इन पर हाथ डालने से कतराता रहा है। बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी पर्ची के चल रहे इस कारोबार से शासन-प्रशासन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विभागीय अधिकारियों को फोन कॉल किया गया, लेकिन अधिकारी द्वारा फोन कॉल नहीं उठाया जाता हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़को की हालत बिगड़ रही है, और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण स्कूली बच्चों का सड़को पर आना जाना लगा रहता है, और इस सड़क पर मुरूम माफियाओं के हाईवा, ट्रैक्टर, और माजदा गाड़ियां फर्राटेदार सड़क पर दौड़ती रहती हैं। सड़क पर आए दिन बड़ी दुर्घटना होने की संभावनाएं बनी रहती हैं। लेकिन जिम्मेदार विभाग पूरी तरह मौन साधे बैठे हैं। आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार पूरे क्षेत्र में खुलेआम फल फूल रहा है? क्या इसकी भनक प्रशासन को नहीं, या फिर जानबूझकर जांच कार्यवाही पर आंखे मुंदी जा रही हैं? मौके पर जेसीबी मशीन को लगाकर दिन दहाड़े मुरूम उत्खनन को अंजाम दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *