रायपुर: उरला थाना पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो संदिग्धों को धर दबोचा है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुछ महीने पहले शराब भट्टी के पास से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

यह था पूरा मामला:
शिकायतकर्ता विनोद यादव (निवासी जांजगीर-चंपा, हाल मुकाम मठपारा बीरगांव, उरला) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त 2026 को वह अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक (क्रमांक सीजी 11 बी वाय 9438) से सरोरा स्थित सिवाली उद्योग काम की तलाश में गया था। काम न मिलने पर वह उरला शराब भट्टी के पास पहुंचा और बाइक खड़ी करके शराब खरीदने अंदर गया था। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल गायब मिली।

प्रार्थी की शिकायत पर उरला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। चोरी गई बाइक की कीमत करीब 30,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस की विशेष कार्रवाई:
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि रोशन तांडी और प्रेमचंद गुप्ता नामक दो व्यक्ति एक चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में ‘राधे राधे होटल’ के पास ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।

इस सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आदित्य पाण्डेय और सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में उरला थाना प्रभारी की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  1. रोशन तांडी (उम्र 35 वर्ष, पिता: अंताराम तांडी), मूल निवासी- खण्डाला (नागपुर, महाराष्ट्र), हाल पता- हीरापुर, कबीर नगर, रायपुर।
  2. प्रेमचंद गुप्ता (उम्र 32 वर्ष, पिता: गुप्तेश्वर शाह), मूल निवासी- गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), हाल पता- डीडी नगर, रायपुर।

बरामद संपत्ति:
0 एक नग हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 11 बी वाय 9438), अनुमानित कीमत – 30,000 रुपये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *