रायपुर कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई: कटोरा तालाब इलाके में 53 लाख की उठाईगिरी का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब के पास संत कंवर राम चौक के समीप हुई 53 लाख रुपये की सनसनीखेज उठाईगिरी और चोरी के मामले को रायपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। इस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी रकम और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है।

अधिकारियों की सख्त मॉनिटरिंग में हुई कार्रवाई…
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।
घटना का विवरण
प्रार्थी किशोर बलवानी (निवासी शैलेन्द्र नगर, कोतवाली) ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। घटना 9 अक्टूबर 2026 की है, जब वे सुबह करीब 11:40 बजे अपनी एक्टिवा के आगे रखे सफेद कपड़े के बैग में नकद रकम लेकर दुकान के लिए निकले थे।
करीब 11:45 बजे वे कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक पर अप्पू पान ठेले के पास अपनी गाड़ी खड़ी करके कुछ खाने चले गए। जब वे लौटकर आए, तो उन्होंने देखा कि एक्टिवा के पायदान पर रखा रुपयों से भरा बैग गायब है। अज्ञात चोर बैग समेत पूरी नकदी लेकर फरार हो चुका था। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एक हफ्ते से कर रहे थे रेकी, हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सैकड़ों और शहर के विभिन्न रास्तों के हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से यह बात सामने आई कि आरोपी एक हफ्ते से कपड़ा व्यवसायी की लगातार रेकी कर रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस को बिना नंबर की एक पल्सर मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक नजर आए। पकड़े जाने से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए ये शातिर आरोपी बार-बार अपने कपड़े बदल रहे थे और पुलिस की नजरों से बचने के लिए ऐसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। हालांकि, पुलिस के तकनीकी सर्विलांस और क्रमवार फुटेज विश्लेषण ने आरोपियों के नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गीजर, टीवी और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखे थे रुपए
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों—कमलेश कुशवाहा और मनीष यदु—की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की गई भारी-भरकम रकम को बेहद शातिर तरीके से अपने घरों में गीजर के अंदर, टेलीविजन के पीछे और बच्चों के खिलौनों के भीतर छिपाकर रखा था।
बरामदगी और कुल जब्ती
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूरे 53 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा, आरोपियों ने चोरी के पैसों में से कुछ हिस्सा अपने तीन अलग-अलग बैंक खातों में भी जमा करा दिया था, जिन्हें पुलिस ने तत्काल प्रभाव से फ्रीज करवा दिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस प्रकार पुलिस ने कुल लगभग 54 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास…
0 मनीष यदु: यह आरोपी जुआ और सट्टे का आदी है। इसके खिलाफ पूर्व में थाना सिविल लाइन में मारपीट और जुए से जुड़े मामले दर्ज हैं, और यह जेल भी जा चुका है। इसके अलावा, वर्ष 2012 में इसने थाना आजाद चौक में नकद लूट की एक फर्जी रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, जिसमें इसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई थी।
0 कमलेश कुशवाहा: यह दूसरा आरोपी भी पूर्व में थाना सिविल लाइन के मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल की हवा खा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
0 मनीष यदु (पिता: शत्रुघन लाल यदु, उम्र: 39 वर्ष), निवासी: गुरु कृपा किराना स्टोर के पास, सेक्टर-02, डी.डी. नगर, रायपुर।
0 कमलेश कुशवाहा (पिता: शिवनाथ कुशवाहा, उम्र: 36 वर्ष), निवासी: भारत माता स्कूल, चर्च के पास, टाटीबंध, आमानाका, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *