लोक जगत, रायपुर। करीब 1.27 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी, धमकी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरे होटल कारोबारी दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। पेशी के दौरान हथकड़ी पहने आरोपी मुस्कुराता नजर आया और उसने कैमरों की ओर थम्स-अप का इशारा भी किया। पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए कोर्ट से तीन दिन की रिमांड मांगी है।

अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं 8 मामले…
आरोपी पर नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी का दावा कर लोगों को झांसा देने का आरोप है। उसके खिलाफ रायपुर, कोरबा, सक्ती और बिलासपुर में कुल 8 FIR दर्ज हैं:
0 SECL ठेके के नाम पर 56 लाख की ठगी: हालिया मामले में कोरबा SECL में सुरक्षा गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर एक सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक और मैनेजर से 56 लाख रुपए लेने का आरोप है। काम न होने पर दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
0 रायपुर में 5 FIR दर्ज: तेलीबांधा थाने में दीपक और उसकी पत्नी बरखा टंडन पर जमीन-रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख, फॉर्च्यूनर गाड़ी दिलाने के नाम पर 20 लाख की धोखाधड़ी, और VIP रोड स्थित होटल की लीज खत्म होने के बाद भी जबरन कब्जा करने व धमकी देने के मामले दर्ज हैं।
0 सक्ती और बिलासपुर में भी केस: सक्ती में सरकारी कोयला टेंडर के नाम पर 15 लाख रुपए लेने और बंद खाते का चेक देने का आरोप है। वहीं, बिलासपुर में AI के जरिए आपत्तिजनक सामग्री बनाकर ब्लैकमेल करने की शिकायत पर उसे पहले गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपी से ठगी के पूरे नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन के बारे में पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।







Leave a Reply