रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का बड़ा एक्शन: नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा, 3 अंतरराज्जीय तस्करों समेत 4 गिरफ्तार: 33 किलो से ज्यादा गांजा जब्त…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में अंतरराज्जीय तस्कर भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33 किलो से अधिक गांजा और नकदी समेत करीब 17 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
यह पूरी कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट के अंतर्गत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा आमानाका, मुजगहन, डी.डी.नगर थानों और यातायात पुलिस (टाटीबंध जोन) की संयुक्त टीमों द्वारा की गई।

तीन अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई
0 आमानाका थाना क्षेत्र:
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास दो लोग गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। दबिश देकर पुलिस ने महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी कृष्णा पाटिल और पुणे निवासी श्रीमति करिश्मा को धर दबोचा। उनके पास से 27.420 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब 13,71,000 रुपये) बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ आमानाका थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
0 मुजगहन थाना क्षेत्र:
रायपुर-धमतरी मार्ग पर ग्राम भटगांव ओवरब्रिज के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति के खड़े होने की सूचना मिली थी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने घेराबंदी कर सतीश पटेल उर्फ सितेश (निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश, हाल पता- चंडीगढ़) को पकड़ा। उसके बैग से 5.230 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 2,61,500 रुपये) जब्त किया गया। इस संबंध में मुजगहन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
0 डी.डी.नगर थाना क्षेत्र:
चंगोराभाठा स्थित महादेवा तालाब परिसर घाट के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे मोह. तौफीक (निवासी ईदगाहभाठा, हाल पता- चंगोराभाठा, रायपुर) को पुलिस ने दबोचा। उसके पास से 778 ग्राम गांजा और बिक्री के 35,000 रुपये नकद (कुल कीमत लगभग 73,900 रुपये) जब्त किए गए। डी.डी.नगर थाने में आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।

नशे के खिलाफ कमिश्नरेट का कड़ा रुख…
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, कमिश्नरेट में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने एनडीपीएस एक्ट के 91 मामलों में कुल 201 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इन कार्रवाइयों के दौरान गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, कफ सिरप, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर और अफीम समेत करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ, नगद राशि, वाहन और हथियार (कट्टा-चाकू आदि) जब्त किए गए हैं।
फिलहाल, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायरों और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में अहम सुराग मिल सकें। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े हर एक व्यक्ति पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *