लोक जगत, रायपुर। राजधानी की न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से एक खतरनाक बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया है। खास बात यह है कि पकड़ा गया शख्स करीब एक दशक पुराने हत्या के प्रयास के मामले में भी फरार चल रहा था, जिसके चलते अदालत ने उसके नाम पर स्थायी वारंट जारी किया था।

मुखबिर की सटीक सूचना पर हुई कार्रवाई…
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम जोन के डीसीपी रॉबिन्सन गुड़िया, एडीसीपी राहुल देव शर्मा और न्यू राजेंद्र नगर के एसीपी के मार्गदर्शन में असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पुरैना तालाब के आसपास एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर संदिग्ध को धर दबोचा।
बटनदार चाकू और पुराना आपराधिक इतिहास…
पकड़े गए शख्स ने पूछताछ में अपनी पहचान भूपेंद्र कुमार ध्रुव (पिता: जवाहर ध्रुव, उम्र: 31 वर्ष), निवासी अमलीडीह (रोहित साहू के मकान के पास, तालाब के नजदीक), थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर के रूप में दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक लोहे का अवैध बटनदार चाकू जब्त किया, जिसके एक तरफ तेज धार और दूसरी तरफ कटर जैसी बनावट थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 372/2026, धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कानूनी शिकंजे में ले लिया है।
हत्या के प्रयास में था फरार, कोर्ट ने जारी किया था स्थायी वारंट
पुलिस की आगे की तफ्तीश में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी भूपेंद्र ध्रुव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वर्ष 2016 में थाना तेलीबांधा में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का एक गंभीर मामला दर्ज हुआ था। उस पुराने प्रकरण में वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस कारण माननीय न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट निकाला गया था। पुलिस अब इस पुराने मामले में भी कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है।







Leave a Reply