रायपुर में बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा एप के सरगना बाबू उर्फ गुलशन खेमानी की 1.42 करोड़ की संपत्ति अटैच…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी में अवैध गतिविधियों और संगठित अपराधों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में, बहुचर्चित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा एप ‘3Stumps’ के मुख्य मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी और उसके सहयोगियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी की करोड़ों रुपए की अवैध संपत्तियों को कुर्क (अटैच) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ से लेकर महाराष्ट्र तक फैली हैं संपत्तियां…
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वित्तीय जांच के दौरान आरोपी द्वारा अवैध रूप से कमाई गई अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ था। इसके बाद न्यायालय में धारा 107 बीएनएसएस के तहत कुर्की का आवेदन दिया गया था, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। कुल 1.42 करोड़ रुपए की जिन संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश मिला है, उनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
0 महासमुंद जिले के ग्राम अरंड में स्थित कृषि भूमि (कीमत लगभग 1.78 लाख रुपए)
0 रायपुर के देवपुरी और जोरा पारा इलाके में स्थित प्लॉट/भूखंड (कीमत क्रमशः 23 लाख और 2.50 लाख रुपए)
0 महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ में स्थित एक व्यावसायिक दुकान (कीमत लगभग 74 लाख रुपए)
0 बैंक ऑफ इंडिया के फिक्सड डिपॉजिट (FD) खाते में जमा 40.50 लाख रुपए की नकदी
अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार, पहले भी हुई थी जब्ती
गौरतलब है कि थाना गंज पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया था। आरोपी कॉल सेंटर, फर्जी मोबाइल नंबरों और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहा था। इस पूरे मामले में पुलिस अब तक मुख्य सरगना समेत कुल 29 आरोपियों को दबोच चुकी है। कार्रवाई के पहले चरण में लगभग 1.20 करोड़ रुपए के वाहन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए थे।
प्रशासनिक स्तर पर रोक के निर्देश
न्यायालय के इस आदेश के अनुपालन के लिए रायपुर पुलिस ने संबंधित जिला कलेक्टरों, पंजीयन कार्यालयों, राजस्व अधिकारियों और बैंक प्रबंधन को आधिकारिक पत्र भेज दिए हैं। इन संपत्तियों के ट्रांसफर, खरीद-फरोख्त और बैंक खातों से पैसों की निकासी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
आर्थिक नेटवर्क पर कड़ा प्रहार
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का स्पष्ट कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके अवैध आर्थिक साम्राज्य और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे गंभीर मामलों में वित्तीय जांच कर सख्त कानूनी कदम उठाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *