रायपुर में ED का छापा, अनवर ढेबर के आवास समेत 3-4 ठिकानों पर कार्रवाई

लोक जगत, रायपुर। रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की अलग-अलग टीमों ने 3 से 4 ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें बहुचर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर का आवास भी शामिल बताया जा रहा है। अधिकारी सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल कर रहे हैं।

अनवर ढेबर के आवास पर भी जांच
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम अनवर ढेबर के घर पहुंची और वहां दस्तावेजों सहित अन्य जानकारियों की जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि अधिकारी किन दस्तावेजों, लेन-देन या अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं।

रायपुर और दुर्ग में पहले भी हुई थी छापेमारी…
गौरतलब है कि हाल ही में ED ने रायपुर और दुर्ग में भी अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की थी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के आवास पर दो गाड़ियों में पहुंची टीम ने दस्तावेजों की जांच की थी।

वहीं, दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी कार्रवाई हुई थी। जानकारी के अनुसार, करीब 10 सदस्यीय टीम सुबह लगभग 6 बजे ऋषभ ग्रीन सिटी के E-701 स्थित उनके घर पहुंची थी।

ED की आधिकारिक जानकारी का इंतजार…
शुक्रवार की कार्रवाई के बाद शराब घोटाला मामले की जांच को लेकर फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, ED ने अभी तक छापेमारी के कारणों, जांच के दायरे और बरामद दस्तावेजों या अन्य सामग्री के संबंध में विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है।

यह भी स्पष्ट नहीं है कि सभी ठिकानों पर कार्रवाई एक ही मामले से जुड़ी है या अलग-अलग जांच के तहत की जा रही है। एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *