लोक जगत, रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रायपुर के कचना स्थित ऐतिहासिक बंधुवा तालाब परिसर में एक वृहद स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान में क्षेत्रीय विधायक श्री अनुज शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रबुद्ध जनों, नगरवासियों और सफाई कर्मियों के साथ मिलकर तालाब परिसर की गहन सफाई की और जल संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने खुद फावड़ा और झाड़ू थामकर घाटों और आसपास जमा कचरे को साफ किया।

‘स्वच्छ छत्तीसगढ़’ से ही ‘विकसित छत्तीसगढ़’: अनुज शर्मा
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “आज मुझे गर्व हो रहा है कि आप सभी ने यहाँ इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर ‘श्रमदान’ किया है। श्रमदान केवल झाड़ू उठाने या कचरा उठाने का नाम नहीं है; यह अपने गाँव, अपने शहर और अपनी धरती माँ के प्रति हमारे समर्पण का प्रतीक है। जब तक हमारा गाँव, हमारा शहर और हमारा राज्य स्वच्छ नहीं होगा, तब तक हम ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार नहीं कर सकते। ‘स्वच्छ छत्तीसगढ़’ से ही ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का मार्ग प्रशस्त होगा।”
सफाई कर्मवीरों के अमूल्य योगदान को किया नमन…
विधायक श्री शर्मा ने सफाई मित्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं अपने उन सभी सफ़ाई कर्मवीर भाइयों और बहनों को नमन करता हूँ, जो रोज़ सुबह उठकर हमारे जीवन को आसान और नीरोग बनाते हैं। आपका यह योगदान समाज के लिए अमूल्य और अतुलनीय है। स्वच्छता का यह काम केवल एक दिन के श्रमदान से पूरा नहीं होगा। हमें आज बंधुवा तालाब के इस पवित्र परिसर में खड़े होकर यह संकल्प लेना होगा कि हम स्वच्छता को अपने जीवन का संस्कार बनाएंगे।”
औपचारिकता नहीं, पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करने का संकल्प…
उन्होंने आगे कहा, “यह बंधुवा तालाब केवल पानी का एक स्रोत नहीं, बल्कि कचना की जीवन-रेखा और हमारी धरोहर है। जब हम अपने जलाशयों की रक्षा करते हैं, तो हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करते हैं। मोदी जी ने हमें सिखाया है कि ‘स्वच्छता सरकारी कार्यक्रम नहीं, जीवन का संस्कार है।’ अगर हमारी नीयत साफ़ होगी और हमारा परिसर साफ़ होगा, तभी हमारा विचार और हमारा समाज समृद्ध बनेगा।”
दिग्गज जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों की रही गरिमामयी उपस्थिति…
इस व्यापक स्वच्छता अभियान में विधायक अनुज शर्मा के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, चंद्रकांति वर्मा, सुनील शर्मा, गोपेश साहू, रोबिन साहू सहित स्थानीय वार्डों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में कचना के नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर तालाब परिसर को पॉलीथिन और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से पूरी तरह मुक्त कराया। स्थानीय निवासियों ने जनप्रतिनिधियों की इस जमीनी पहल की भूरि-भूरि सराहना की।








Leave a Reply