24 साल की युवती ने प्रेम प्रसंग में की आत्महत्या, सुसाइड नोट में युवक पर शारीरिक संबंबंध बनाने का गंभीर आरोप…

लोक जगत, दुर्ग। जिले में 24 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
घटनास्थल से छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है, जिसमें उसने एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने नोट में अपने लिए न्याय की मांग भी की है।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मृतका दुर्ग के एक निजी संस्थान में काम करती थी। घटना वाले दिन उसने अपने परिवार को तबीयत ठीक नहीं होने की बात बताई थी और घर पर आराम करने के लिए रुक गई थी। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से बाहर चले गए थे। इसी दौरान युवती घर में अकेली थी। जब उसका बड़ा भाई ड्यूटी से वापस लौटा, तो घर का दरवाजा नहीं खुला। काफी प्रयास के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने पड़ोसी की मदद से घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर युवती फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

छत्तीसगढ़ी में लिखे सुसाइड नोट में गंभीर आरोप
पुलिस को मिले बताए जा रहे सुसाइड नोट में युवती ने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगी है। नोट में युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक ने पहले उसका भरोसा जीता और बाद में उसके साथ गलत व्यवहार किया। उसने युवक पर शारीरिक संबंध बनाने और लगातार मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, जब उसने युवक से बातचीत बंद कर दूरी बनाने की कोशिश की, तो वह उसे धमकाने लगा। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है। फिलहाल युवक पर लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित आपराधिक जिम्मेदारी का निर्धारण जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *