सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र और तोड़फोड़, क्लासरूम में आगजनी से दहशत…

Posted by

 

दुर्ग। दुर्ग के केलाबाड़ी स्थित शासकीय प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र और तोड़फोड़ की सनसनीखेज घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों ने स्कूल की बाउंड्रीवॉल तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और क्लासरूम में लगे पंखे-लाइट तोड़ने के साथ टेबल-कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद छात्रों और शिक्षकों में भय का माहौल है।
 
पहले भी मिले थे तंत्र-मंत्र के निशान…
जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पहले भी स्कूल के क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला और गोबर-मिट्टी से तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे। क्लासरूम के अंदर भी इसी तरह के चिन्ह पाए गए थे। शिक्षकों ने उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
 
फर्नीचर और दस्तावेज जलाए…
इस बार बदमाशों ने मिडिल स्कूल के बाद प्राइमरी स्कूल को निशाना बनाया। क्लासरूम में रखी टेबल-कुर्सियों के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जला दिया गया। बिजली के बोर्ड, पंखे और लाइटें क्षतिग्रस्त कर दी गईं, वहीं बोरवेल का केबल भी जला दिया गया। इससे पहले बोरसी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में भी तंत्र-मंत्र से जुड़ी घटना सामने आ चुकी है।
 
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित…
केलाबाड़ी स्कूल परिसर में कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई होती है। लगातार हो रही घटनाओं से छोटे बच्चों में डर का माहौल है और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षक भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
 
बाउंड्रीवॉल तोड़कर घुस रहे असामाजिक तत्व…
शिक्षकों के अनुसार, स्कूल की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी गई है, जिससे बंद होने के बाद भी असामाजिक तत्व आसानी से अंदर प्रवेश कर रहे हैं। कई बार क्लासरूम के ताले तोड़कर फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया है।
 
पुलिस ने दर्ज किया मामला…
घटना से परेशान शिक्षकों ने पद्मनाभपुर थाने में दोबारा शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *