लोक जगत, बिलासपुर। सेंदरी-तुर्काडीह पुल के पास एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसा चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण हुआ। इस घटना में हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा चालक वाहन लेकर मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। सेंदरी-तुर्काडीह पुल के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई, जिससे उसका वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। बेकाबू हाइवा सीधे सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।







Leave a Reply