टाटीबंध एटीएम और चंदनडीह यूनियन बैंक में चोरी की नीयत से तोड़फोड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर।

0 क्राइम एवं साइबर और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस उपायुक्तों की निरंतर निगरानी में मिली सफलता।
0 टाटीबंध चौक स्थित ‘इंडिया वन’ एटीएम और चंदनडीह यूनियन बैंक के लॉकर को बनाया था निशाना।
0 यूनियन बैंक से चोरी किया गया एक लैपटॉप आरोपी के पास से बरामद।
0 आमानाका थाने में आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग संगीन मामलों में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज।

घटना विवरण:
0 मामला 01 (इंडिया वन एटीएम): प्रार्थी नमन वोरा, जो ‘इंडिया वन पेमेंट लिमिटेड’ में फ्रेंचाइजी का कार्य संभालते हैं, ने आमानाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, 25 सितंबर से 26 सितंबर 2026 की दरमियानी रात टाटीबंध चौक पर अग्रवाल होटल के पास स्थित कंपनी के एटीएम को किसी अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुँचाया। आरोपी ने एटीएम की स्क्रीन, सेफ-लॉक, कैमरा और कैश ट्रे को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा यूपीएस की बैटरी चोरी करने का भी प्रयास किया। इस संबंध में आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 317/26 दर्ज किया गया था।
0 मामला 02 (यूनियन बैंक शाखा): प्रार्थी गणेश मिश्रा, जो चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक हैं, ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर की शाम बैंक बंद होने के बाद, अगली सुबह जब कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने शाखा प्रमुख के केबिन का ताला टूटा हुआ और शटर क्षतिग्रस्त पाया। अज्ञात चोर ने खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया, चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराजें, कंप्यूटर मॉनिटर और कैश वॉल्ट/स्ट्रॉन्ग रूम के लॉकर को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुँचाया। इस मामले में आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 336/26 पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री रॉबिनसन गुरिया ने मातहत अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे।
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना आमानाका की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने डीडी नगर निवासी पंकज ध्रुव को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने एटीएम और बैंक में नगद चोरी के इरादे से इन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से यूनियन बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप जप्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।

0 गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
पंकज ध्रुव (पिता: सीताराम ध्रुव, उम्र: 27 वर्ष)
स्थाई पता: पिथौरा, ठाकुरदिया खपरा खोल, थाना पिथौरा
हाल पता: सरोना बाजार चौक, कचरा डंप के पास, थाना डीडी नगर, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *