रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 1.50 लाख का माल बरामद…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया इलाके में स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाने वाले तीन चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, घड़ियां और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों में से दो शातिर अपराधी पहले भी जेल जा चुके हैं।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी स्वरोचिष मिश्रा (निवासी डंगनिया) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 22 अक्टूबर 2026 की रात अपने घर पर ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन सुबह जब वे लौटे, तो उनके घर के सभी दरवाजे के ताले टूटे मिले। कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बनी टीम…
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम और साइबर मामलों के पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला तथा पश्चिम क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया ने मातहत अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की धरपकड़ के कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और डी.डी. नगर थाने की संयुक्त टीम ने मिलकर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर काम करना शुरू किया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से खुला राज…
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही, पूर्व में चोरी और नकबजनी के मामलों में संलिप्त रहे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी बीच पुलिस को खास सूत्रों से जानकारी मिली कि मोती नगर (टिकरापारा) निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल की हवा खा चुका है, को घटना की रात संदिग्ध हालत में आसपास घूमते देखा गया था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर यशवंत को हिरासत में लिया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने दो अन्य साथियों—शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाकी दोनों आरोपियों को भी धर दबोचा।

बरामदगी और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड…
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 6 नग घड़ियां और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक (क्रमांक CG 07 LU 4432) समेत कुल करीब 1,50,000 रुपये का मशरूका जब्त कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी और शेख मोईन उर्फ अल्ताफ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों पूर्व में भी टिकरापारा थाने से लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
0 यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (उम्र 18 वर्ष 3 माह), निवासी- खदान के पास, भैरव नगर, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।
0 शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (उम्र 19 वर्ष), निवासी- रोम्बो पब्लिक स्कूल, जाली फैक्ट्री के पास, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।
0 परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (उम्र 20 वर्ष), निवासी- शिव मंदिर के पास, जाली फैक्ट्री रोड, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *