“सरकारें बदलती हैं, राजनीतिक दौर बदलते हैं, लेकिन किसानों के हित में लिए गए कांग्रेस सरकार के फैसले आज भी अमर हैं” — पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर

लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने राज्य की राजनीति और विकास के सफर पर प्रकाश डालते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि समय के साथ सरकारें बदलती हैं और राजनीतिक दौर बदलते हैं, लेकिन जनकल्याण को ध्यान में रखकर बनाई गई नीतियाँ हमेशा प्रासंगिक रहती हैं और अपनी स्थायी पहचान बनाती हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ की राजनीति और विकास के सफर पर जब हम नज़र डालते हैं, तो एक बात साफ दिखाई देती है—कई विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास वक्त के साथ बदलती सरकारों के हिस्से आए, लेकिन जो नीतियां जनहित को ध्यान में रखकर बनाई गईं, उनका लाभ आज भी छत्तीसगढ़ का हर किसान महसूस कर रहा है।”

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में किसानों की आर्थिक मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई थी। सरकार ने ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिन्होंने राज्य की कृषि व्यवस्था को एक नई दिशा प्रदान की।
मोहम्मद अकबर ने आगे कहा, “समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुदृढ़ व्यवस्था, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य और ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ के माध्यम से दी गई अतिरिक्त आर्थिक सहायता—ये केवल सरकारी योजनाएँ नहीं थीं, बल्कि किसानों के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए दूरगामी कदम थे।”
राजनीतिक बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आज भले ही सत्ता और राजनीतिक परिस्थितियाँ बदल चुकी हैं, लेकिन इन जनहितकारी फैसलों की प्रासंगिकता और किसानों के जीवन में उनका योगदान पूरी तरह बरकरार है। उनका दृढ़ विश्वास है कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन जनता के कल्याण के लिए बनाए गए फैसले ही इतिहास में अपनी अमर छाप छोड़ते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *